हरदोई। कोरोना काल के बाद से निराश्रित और चयनित बच्चों को आर्थिक मदद दी गई। स्पॉन्सरशिप, सीएम बाल सेवा योजना कोविड और सामान्य में 2,176 निराश्रित बच्चों के खातों में रुपये भेजे गए। विभाग ने शासन से रुपये मिलते ही खातों में रुपये भेजने की प्रक्रिया पूरी कराई।
कोरोना काल के बाद से निराश्रित बच्चों को महिला और बाल कल्याण विभाग के माध्यम से पढ़ाई और भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह के हिसाब से रुपये दिए जाते हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में बजट के अभाव में स्पॉन्सरशिप समेत सीएम बाल सेवा योजना कोविड और सामान्य में बच्चों को आर्थिक मदद नहीं मिल पा रही थी। इससे जुड़ी खबर
अमर उजाला
ने 29 मार्च के अंक में ‘निराश्रित 1,090 बच्चों में 456 को ही मिले रुपये’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने शासन स्तर पर पैरवी की। शासन ने बच्चों की आर्थिक मदद के लिए विभाग को रुपये दिए।
शासन से रुपये मिलने के बाद विभाग ने स्पॉन्सरशिप योजना में 1,014, सीएम बाल सेवा योजना कोविड में 139 और सीएम बाल सेवा योजना सामान्य में 1,023 बच्चों के खातों में रुपये भेजे।
निराश्रित बच्चों को भरण-पोषण और पढ़ाई के लिए योजना के अनुसार आर्थिक मदद दी जाती है। शासन ने स्पॉन्सरशिप, सीएम बाल सेवा योजना सामान्य और कोविड में जिले को रुपये दिए थे। रुपये बच्चों के खातों में भिजवाए गए हैं। -संजय निगम, जिला प्रोबेशन अधिकारी