हरदोई। भारत सरकार की महत्वपूर्ण अनाज योजना में जल्द ही राशन की दुकानों तक फोर्टीफाइड राइस वितरण के लिए उपलब्ध होगा। अमर उजाला में 15 फरवरी को प्रकाशित खबर गरीबों के चावल में विटामिन का तड़का छपने के बाद विभाग ने राइस मिलर्स पर शिकंजा कस दिया हैै।
विभागीय अफसरों के मुताबिक, राइस मिलर्स को तैयार हो चुके फोर्टीफाइड चावल में कितना चावल भंडार गृहों को आपूर्ति और कितना चावल कब तक आपूर्ति कर दिया जाएगा के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
धान खरीद एवं धान कुटाई और चावल आपूर्ति एजेंसी विपणन विभाग के डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडेय ने बताया कि स्थानीय स्तर पर सरकारी धान की कुटाई कर फोर्टीफाइड राइस आपूर्ति के लिए अनुबंध करने वाली 47 मिलों में अधिकांश ने फोर्टीफाइड चावल के लिए प्लांट लगा लिए है और चावल तैयार कर रहे हैं।
इनके यहां से आपूर्ति भी शुरू करा दी गई है। उन्होंने बताया कि अमर उजाला में इस संबंध में खबर छपने के बाद सभी मिलर्स को आपूूर्ति एवं प्रतिदिन तैयार हो रहे चावल का डाटा प्रत्येक दिन नियमित रूप से उपलब्ध कराने एवं जल्द से जल्द शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निदेश दिए गए हैं।
इस ओर बेपरवाही करने वालों के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि पंजाब से 25 रैक फोर्टीफाइड राइस जिले में आ चुका है। इससे एमडीएम एवं आंगनबाड़ी केंद्रों तक वितरण के लिए भेजा जा रहा था
मगर अब स्थानीय स्तर एवं बाहर से आ रहे फोर्टीफाइड राइस की उपलब्धता के अनुसार जल्द ही यह राशन की दुकानों पर वितरण के लिए उपलब्ध होगा। भारत सरकार के अफसरों द्वारा इस ओर लगातार मानीटरिंग की जा रही है।