पिहानी किसान की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर रसूलपुर गांव में भाकियू का धरना प्रदर्शन तीसरे दिन शुक्रवार को जारी रहा। धरने की अध्यक्षता भाकियू के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष श्यामू शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत रसूलपुर में विकास कार्यों और योजना को क्रियान्वयन में किसानों और जरूरतमंदों की अनदेखी की गई।
आवास और शौचालय समेत अन्य योजनाओं में भारी अनियमितताएं की गईं। शिकायत के बाद भी मामले को संज्ञान में नहीं लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गांव में किसानों और भाकियू के धरने को तीसरा दिन है, लेकिन अब तक किसी अफसर ने मौके पर आकर उनकी समस्याएं नहीं जानी हैं।
कहा कि अफसरों का यह रवैया निंदनीय है, जल्द ही सुनवाई न हुई तो भाकियू वृहद स्तर पर आंदोलन चलाएगी। 500 किसान एक साथ नदी में उतरकर जल सत्याग्रह करेंगे। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष राहुल मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष अतुल दीक्षित, विजय तिवारी व बब्लू यादव आदि मौजूद रहे।