टड़ियावां। पेंग गांव में रविवार की सुबह टॉपलिंग सही करते समय किसान का तहमद घूमते रोटावेटर में फंस गया। जिससे वह रोटावेटर की चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई।
पेंग गांव निवासी सुरेश (55) खेतीबाड़ी करते थे। सुरेश के बड़े भाई पूर्व प्रधान ओम प्रकाश यादव के मुताबिक, पंचायत भवन के पास सुरेश का खेत है। वह रविवार की सुबह छोटे पुत्र अंकित के साथ खेत पर गए थे। सुरेश खुद ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर से खेत की जोताई कर रहे थे। रोटावेटर में कुछ दिक्कत आ गई, वह कमी को दूर करने के लिए नीचे उतरे और घूमते रोटावेटर की टॉपलिंग को ठीक करने लगे।
उसी समय उनका तहमद घूमते रोटावेटर में फंस गया। अंकित ने जब तक रोटावेटर को बंद किया तब तक सुरेश की मौत चुकी थी। मृतक के परिवार में पत्नी आवेश कुमारी, चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-24- सुरेश। फाइल फोटो