हरदोई। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतार दी। मेन लाइन को तकनीकी खराबी और सुरक्षा कारणों से एहतियातन बंद कर दिया गया। इससे पूरे शहर की बिजली डेढ़ घंटे गुल रही। इसके साथ ही पूर्व निर्धारित लाइन शिफ्टिंग कार्य के कारण टाउन द्वितीय फीडर से भी आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। इसके चलते शहर के बड़े हिस्से में उपभोक्ता उमस व गर्मी से बेहाल नजर आए।
शहर की आपूर्ति 132 केवीए मन्नापुरवा से की जाती है। रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां बिजली के तारों पर गिर गईं जिससे कई स्थानों पर शॉर्ट सर्किट हुआ और केबल ट्रिप हो गई। किसी बड़े हादसे या जनहानि को रोकने के लिए बिजली विभाग ने तत्काल प्रभाव से मेन लाइन से आपूर्ति रोक दी। इससे दोपहर तीन से डेढ़ घंटे तक शहर की आपूर्ति बाधित रही।
इसके साथ ही 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र मन्नापुरवा के टाउन द्वितीय फीडर की आपूर्ति रविवार सुबह से शाम पांच बजे तक बिजली लाइन शिफ्टिंग के कारण बंद रही। इसके अलावा सिटी विद्युत उपकेंद्र, कोयलबाग विद्युत उपकेंद्र और सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। 33 केवीए बेलाताली का खदरा फीडर दोपहर को दो घंटे बंद रहा। उमस भरी गर्मी में बिजली गुल होने से उपभोक्ता परेशान हुए। अधिशासी अभियंता प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि तेज हवा व बारिश के कारण समस्या हुई। उसका समय से निदान करा दिया गया।
लाइन शिफ्टिंग ने बढ़ाई मुसीबत
एक तरफ जहां बारिश के कारण मेन लाइन बंद रही वहीं दूसरी ओर पहले से प्रस्तावित लाइन शिफ्टिंग के काम के चलते टाउन द्वितीय फीडर को भी बंद रखा गया। दोहरे संकट के कारण संबंधित इलाकों के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बिना किसी पूर्व सूचना के लंबी कटौती से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हुए और शाम होते-होते इन्वर्टर भी जवाब दे गए।