हरदोई। एनएच-731 लखनऊ रोड पर बाईपास के पास से पिहानी चुंगी तक मार्ग के कराए जा रहे चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने चार करोड़ और दे दिए हैं। इससे काम में तेजी आने की उम्मीद है। एनएच-731 पर लालपालपुर के पास से पिहानी चुंगी तक करीब 10.50 किलोमीटर में काम कराया जा रहा है। इससे शहर के अंदर भी डिवाइडर बनवाए जाएंगे
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक के माध्यम से कराए जा रहे चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के काम के पूरा होने से लोगों को एनएच-731 पर शहर के अंदर आने पर भी फोर लेन मार्ग मिल सकेगा। वहीं यातायात को व्यवस्थित बनाए जाने के लिए डिवाइडर भी बनवाए जाएंगे। बाईपास बनवाए जाने का भी काम पीडब्ल्यूडी के माध्यम से कराया रहा है। करीब 10.50 किलोमीटर तक मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने 67.82 करोड़ से अधिक की स्वीकृति दी है। वहीं स्वीकृति के साथ ही काम कराने के लिए 13.32 करोड़ रुपये दे दिए थे। विभाग ने काम शुरू करा दिया है। अब चार करोड़ रुपये और दे दिए हैं।
फुटपाथ उखड़े होने से राहगीरों को होती दिक्कतें
पिहानी चुंगी से खेतुई तक मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम पीडब्ल्यूडी ने शुरू करा दिया है। काम काफी पहले शुरू हुआ था। फुटपाथों की खोदाई कराते हुए पत्थर और बजरी आदि डलवाए जाने का काम भी कराया जा रहा है। बरसात के समय उखड़े फुटपाथों से राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
दोनों साइड चौड़ीकरण का काम पूरा होने के बाद पूरी सड़क पर काम कराया जाएगा। शासन से दूसरी किस्त में चार करोड़ रुपये मिलने की जानकारी है। इससे काम को गति मिलेगी। -मनिंदर सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी सीडी-एक