हरदोई। जिले में सपा और भाजपा का गठबंधन है। कांग्रेस के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की फौज गांव-गंाव जाकर भाजपा व सपा सरकार के गुंडाराज व जंगलराज की पोल खोलेंगे।
राजीव भवन में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से छह सितंबर को होने वाले एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारी बैठक में जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह सोमवंशी ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि जिले में सपा और भाजपा का गठबंधन है। सपा सरकार के अराजकतत्व, माफिया भाजपा सरकार में मौज कर रहे हैं। सपा के विधायक भाजपा की खुले आम मदद करते नजर आते हैं। भाजपा के आधा दर्जन मौजूदा विधायक भी सपा से आयातित हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत गठित किए गए ब्लॉक अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों शहर व जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं फ्रंटल, प्रकोष्ठों विभागों के अध्यक्ष व चेयरमैन का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर छह सितंबर को गांधी भवन सभागार में होगा। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, एआइसीसी सदस्य, पीसीसी सदस्य, पूर्व जिलाध्यक्ष भी शामिल रहेंगे।
शहर अध्यक्ष जमील अहमद अंसारी, जिला उपाध्यक्ष अनुपम दीक्षित, नेतम भारतीय, साधू सिंह, शशिबाला वर्मा, शिवपाल वर्मा, मंजू वर्मा सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।