जिले में आपराधिक घटनाओं का खुलासा जल्द किया जाए,
क्योंकि खुलासे में देर होने से केस कमजोर हो जाता है। एसओ क्षेत्र में
गोकशी पर पूरा अंकुश लगाए और गोकशी करने वालों पर कार्रवाई करें।
एसपी
उमेश सिंह ने रविवार को क्राइम मीटिंग ली। मीटिंग से पूर्व सांडी क्षेत्र
में सर्राफा लूटकांड का खुलासा करने वाली टीम को प्रशस्ति पत्र देकर
सम्मानित किया गया। इसके साथ ही टीम के सदस्यों को नगद पुरस्कार दिया गया।
बैठक में एसपी ने सभी एसओ को निर्देशित किया कि घटनाओं का जल्द से जल्द
खुलासा किया जाए। घटनाओं का खुलासा विलंब से होने से आरोपियों के विरुद्ध
प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गोकशी
के लिए कड़े कानून बनाए हैं। जिसके तहत गैंगेस्टर की कार्रवाई की जा सकती
है। सभी एसओ गोकशी पर पूर्ण रुप से अंकुश लगाए। उन्होंने कहा कि थाने पर
आने वाले पीड़ित को उसी प्रकार सम्मान दिया जाए, जिस प्रकार अन्य लोगों को
दिया जाता है।
पीड़ित की बात सुनकर उसको न्याय दिलाने का कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी एसओ अपराधियोें पर पैनी नजर रखे। जिले में आपराधिक
घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए। लंबित विवेचनाओं को पूर्ण किया जाए। इस मौके
पर एएसपी पूर्वी बीसी दुबे, एएसपी पश्चिमी दिनेश त्रिपाठी सहित विभागीय
अफसर मौजूद थे।