हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर जाम लगाए ग्रामीण। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर मंगलवार सुबह पिकअप ने साइकिल सवार युवक को रौंद दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवाया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कौंढ़ा निवासी वीरेंद्र सिंह (35) खेती करता था। मंगलवार सुबह वह गांव के सामने हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने उसे रौंद दिया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। हादसे के बाद भाग रही पिकअप को ग्रामीणों ने कुर्रिया गांव के पास पकड़ लिया, लेकिन चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलने से राहगीरों ने राहत की सांस ली। कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।