हरदोई। प्रीलिमिनरी एलिजिबिलिटी टेस्ट (पीईटी) की दो दिन की परीक्षा के पहले दिन शनिवार को 32.6 प्रतिशत अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। 22 परीक्षा केंद्रों के लिए आयोग की तरफ से दोनों पाली के लिए 18,384 अभ्यर्थी आवंटित किए गए थे। इसमें 12,392 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में हुई। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को देखा।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया। सुबह आठ बजे से परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। लखनऊ रोड पर बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर अपने और किराए के वाहनों से अभ्यर्थियों के आने से जाम की स्थिति बनी रही। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा आयोग की तरफ से पीईटी के लिए जिले को दो दिन की चार पाली के टेस्ट के लिए 36,768 अभ्यर्थी आवंटित किए गए। एक पाली में 9,192 अभ्यर्थियों का आंवटन किया गया है। जिले में 22 केंद्रों पर दोनों पाली की पीईटी में कुल 12,384 अभ्यर्थी शामिल हुए।
नोडल अधिकारी एडीएम प्रियंका सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण हुई। उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराते हुए सुरक्षा बंदोबस्त के साथ डबल लॉक में रखवाया गया है। बताया कि शनिवार सुबह पाली में 9,192 में से 6,715 अभ्यर्थी और दूसरी पाली में 5,677 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। पहले दिन अभ्यर्थियों की 67.4 प्रतिशत उपस्थिति रही। डीएम अनुनय झा ने एसपी नीरज कुमार जादौन के साथ महाराणा प्रताप राजकीय डिग्री काॅलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर काॅलेज टड़ियावां और श्रीवेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर काॅलेज में परीक्षा और व्यवस्था का निरीक्षण किया।