फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: अधूरे काम पर 27 लाख का भुगतान, ब्लॉक प्रमुख के देवर प्रधान और सचिव पर रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
हरदोई। टोडरपुर विकास खंड की टोडरपुर ग्राम पंचायत में निर्माण कार्य कराए बिना ही भुगतान कर दिए जाने का मामला सामने आया है। जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद टोडरपुर ग्राम पंचायत के प्रधान और सचिव के खिलाफ बेहटा गोकुल थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

टोडरपुर की ब्लॉक प्रमुख नीतू त्रिवेदी हैं। उनके देवर श्याम बाबू त्रिवेदी टोडरपुर ग्राम पंचायत के प्रधान हैं। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा को गोपनीय जानकारी मिली थी कि टोडरपुर ग्राम पंचायत में निर्माण कार्यों के लिए दिए गए बजट से भुगतान कर दिया गया है लेकिन संबंधित कार्य नहीं कराए गए हैं। इसकी जांच सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी अरविंद कुमार से कराई। जांच रिपोर्ट के मुताबिक तीन कार्याें का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
ग्राम पंचायत में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराने के लिए 24 लाख, 36 हजार रुपये छह माह पहले दिए गए थे। इसके बावजूद यहां अंत्येष्टि स्थल का निर्माण नहीं कराया गया। बिना काम कराए ही 12 लाख, 30 हजार रुपये चार बार में निकाल लिए गए। मौके पर जांच के लिए पहुंचे जिला विकास अधिकारी को तीन चार रद्दा ईंट की चिनाई ही मौके पर मिली। इसी तरह आरआरसी का निर्माण कराने के लिए चालू वित्तीय वर्ष में टोडरपुर ग्राम पंचायत को आठ लाख, 12 हजार, 562 रुपये मिले थे। इसके सापेक्ष पूरा बजट खर्च किया जा चुका है।
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान यह काम भी अधूरा मिला। मौके पर काम भी नहीं हो रहा था। रिपोर्ट में उल्लेख है कि खर्च की गई धनराशि के सापेक्ष कार्य मौके पर नहीं मिला। इसी तरह पंचायत लर्निंग सेंटर का निर्माण कराने के लिए सात लाख रुपये ग्राम पंचायत को मिले थे। रिपोर्ट के मुताबिक छह लाख, 86 हजार रुपये निर्माण कार्य में खर्च कर लिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान पता चला कि फर्नीचर का काम, लाइट फिटिंग का काम अभी बाकी है। डेस्कटॉप, स्मार्ट टीवी, फाेटो कॉपी मशीन, सोलर पैनल, कुर्सियां खरीदा जाना बाकी है। सधे शब्दों में कहें तो खर्च की गई धनराशि के सापेक्ष मौके पर काम नहीं मिला। जिला विकास अधिकारी ने विस्तृत रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को भेजी थी।
सीडीओ ने पूरे मामले में जिम्मेदारों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। सीडीओ के निर्देशों के क्रम में रविवार शाम टोडरपुर के बीडीओ अरविंद कुमार और सहायक विकास अधिकारी पंचायत ध्रुव कुमार पांडेय बेहटागोकुल थाने पहुंचे। एडीओ पंचायत ने ग्राम प्रधान श्याम बाबू त्रिवेदी और ग्राम विकास अधिकारी कौशलेंद्र राजपूत के खिलाफ तहरीर थाने में दी है।


बहुत पड़ा राजनीतिक दबाव... अफसरों का संदेश भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
टोडरपुर ग्राम पंचायत के प्रधान श्याम बाबू त्रिवेदी का खासा राजनीतिक रसूख है। प्रदेश में 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद हुए उपचुनाव में वह टोडरपुर ब्लॉक की सत्ता पर काबिज होने में कामयाब हुए थे। वर्ष 2021 में हुए पंचायत चुनाव में वह अपनी भाभी नीतू त्रिवेदी को ब्लॉक प्रमुख बनवाने में कामयाब रहे थे। वह खुद टोडरपुर के ग्राम प्रधान हैं। जिला विकास अधिकारी ने 22 अगस्त को ही जांच रिपोर्ट सीडीओ को सौंपी थी। सीडीओ इसका परीक्षण कर रही थीं। इसी बीच ग्राम प्रधान को बचाने के लिए राजनीतिक दबाव पड़ना शुरू हो गया। भरपूर कोशिश के बाद भी अफसर दबाव में नहीं आए। अफसरों ने भी यह संदेश स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरह यहां भी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं है। जो करेगा उस पर कार्रवाई भी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें