हरदोई। सिंचाई और जल संसाधन विभाग नहरों की साफ-सफाई के साथ ही भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सुरक्षित कराएगा। नहर पटरी पर सुरक्षा के लिहाज से खड़ंजा लगवाया जाएगा। शासन ने शारदा नहर की हरदोई शाखा की पटरी पर खड़ंजा लगवाए जाने की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। काम कराने के लिए 2.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ ही 75.50 लाख रुपये भी दे दिए गए हैं।
शारदा नहर विभाग ने नहरों की साफ-सफाई के साथ ही विभाग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और सुरक्षित किए जाने पर ध्यान दिया है। शारदा नहर विभाग की ओर से हरदोई शाखा पर काम कराए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया था। विभाग की ओर से शासन को दिए गए प्रस्ताव पर परीक्षण के बाद स्वीकृति मिली है। शाहजहांपुर से जनपद में आने वाली शारदा नहर की हरदोई शाखा पर 37 से 85 किलोमीटर के मध्य दायीं पटरी पर विभिन्न पहुंच स्थानों पर खड़ंजा लगवाया जाएगा। शासन से स्वीकृति और रुपये दिए जाने का आदेश संयुक्त सचिव रमाकांत वर्मा ने जारी किया है।
शारदा नहर की पटरी पर खड़ंजा लगवाए जाने से नहर पटरी को सुरक्षा मिलेगी। साथ ही राहगीरों को आवागमन में आसानी रहेगी। शासन ने काम कराने के लिए 75 लाख, 50 हजार रुपये भी दे दिए हैं।
शारदा नहर विभाग की भूमि को विभाग की ओर से दी जाने वाली जानकारी पर राजस्व विभाग के माध्यम से अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। शारदा नहर की हरदोई शाखा पर खड़ंजा लगवाए जाने की स्वीकृति शासन ने दी है। इससे शाहजहांपुर और जिले की सीमा में नहर पटरी को सुरक्षित बनाया जा सकेगा। काम समय से शुरू कराने के लिए अधिशासी अभियंता से कहा गया है। -प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी