बेनीगंज। कोथावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नौ माह की गर्भवती की बृहस्पतिवार आधीरात के बाद मौत हो गई। परिजन प्रसव पीड़ा होने पर उसे लेकर सीएचसी गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी।
मरेउरा निवासी सतीश की पत्नी पूजा (32) नौ माह की गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बृहस्पतिवार आधीरात के बाद दो बजे उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां ले गए। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे हरदोई ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी बीच उसने दम तोड़ दिया।
परिवार में पति सतीश, दो पुत्रियां और एक पुत्र है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा का दावा है कि महिला मृत अवस्था में आई थी। कोतवाल संजय यादव ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।