हरदोई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सोमवार को खुली ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। पंजीकरण कराने से लेकर चिकित्सीय परामर्श और दवा काउंटर पर मरीज व तीमारदार परेशान होते दिखे। पुरुष और महिला अस्पताल में काफी भीड़ होने से दवा लेकर लौटने में घंटों लग गए।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल में ओपीडी खुलते ही मरीजों की भीड़ लग गई। त्योहार के बाद शुक्रवार और शनिवार को ओपीडी हुई थी लेकिन सोमवार को काफी भीड़ रही। सोमवार सुबह आठ से ओपीडी शुरू हुई और दोपहर दो बजे तक चलती रही। इस दौरान पर्चा काउंटर पर काफी भीड़ लग चुकी थी। सुबह से दोपहर तक काउंटरों पर करीब 2,154 पर्चे बनें। मरीजों में सबसे अधिक भीड़ सर्दी, जुकाम और वायरल फीवर में जनरल मेडिसिन की रही।
चिकित्सक डॉ. विकास चंद्र विद्यार्थी ने मरीजों का इलाज किया। कान, नाक और गला विभाग में भी लंबी लाइन देखी गई। चिकित्सक विवेक सिंह की ओपीडी में 350 से अधिक मरीजों ने परामर्श लिया। इसके अलावा हड्डी रोग, जनरल सर्जरी विभाग, बाल विभाग, दंत और नेत्र विभाग में मरीजों की भीड़ रही।