मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी कक्ष के बाहर भरे पानी से निकलते लोग।
हरदोई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में अव्यवस्था मरीजों और तीमारदारों के लिए आफत बन गई। ट्रॉमा सेंटर निर्माण कार्य के दौरान एक भारी वाहन चढ़ने से पानी की अंडरग्राउंड पाइपलाइन फूट गई, जिससे इमरजेंसी वार्ड और सेंट्रल लैब के बाहर करीब 30 मीटर तक पानी भर गया। इस जलभराव के बीच रखे ईंटों पर चलकर मरीज और तीमारदार इलाज तक पहुंचे।
मरीजों के इलाज में सहूलियत के लिए मेडिकल कॉलेज में ट्रामा सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते ही फैली अव्यवस्था ने मरीजों और तीमारदारों को परेशानी में डाल दिया। निर्माण सामग्री लेकर आ रहे भारी वाहन से इमरजेंसी कक्ष के बाहर पानी की पाइपलाइन फूट गई।
इससे इमरजेंसी कक्ष और सेंट्रल लैब जाने वाले रास्ते के लगभग 30 मीटर क्षेत्र में पानी भर गया। रविवार की शाम को पानी भरने के बाद मरीज और उनके तीमारदारों ने रास्ते में ईंट डाल कर आवागमन किया। रविवार को फूटी पाइप लाइन से पानी बहता रहा।
सोमवार दोपहर बाद कर्मचारी पहुंचे और मुख्य पाइपलाइन को काटकर लीकेज को सही किया। परिसर में शाम तक पानी भरा होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। प्रधानाचार्य डॉ. जेबी गोगोई का कहना है कि किसी भारी वाहन से पानी की आपूर्ति के लिए पड़ा पाइप टूट गया और इसके कारण जलभराव हो गया।