पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद डीडीओ व अन्य
- फोटो : amarujala
हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में घायल पंचायत सचिव ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह मल्लावां ब्लॉक में तैनात थे। गुरुवार को डियूटी से लौटते समय बाइक नीलगाय से टकरा गई थी। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गंभीर चोटे आईं थी। परिजन इलाज के लिए उन्हें लखनऊ ले गए थे। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
माधौगंज थाना क्षेत्र के रुकनापुर निवासी सुधीर सिंह (42) मल्लावां ब्लॉक में पंचायत सचिव थे। सुधीर गुरुवार शाम करीब चार बजे बाइक से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। रास्ते में कटरा -बिल्हौर मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक नीलगाय से टकरा गई थी । सुधीर हेलमेट नहीं लगाए थे। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से सुधीर को सीएचसी माधौगंज में भर्ती कराया गया।
मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर ले ग । जहां पर सुधीर ने शुक्रवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन रात में ही शव लेकर घर आए। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को सुधीर के शव का पोस्टमार्टम कराया है। सुधीर की मौत की खबर मिलते ही डीडीओ अभिराम त्रिवेदी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे । मृतक के परिजनों को ढांढस बधाया है। मृतक के भाई राजीव ने बताया उनके एक बेटा रिषभ व बेटी रिचा है ।
ज्यादातर सड़क हादसों में बाइक सवारों की हेलमेट न लगाने की आदत मौत का कारण बन रही है। जबकि समय-समय पर हेलमेट लगाने के लिए जागरूक भी किया जाता है। ऐसी ही आदत सुधीर की जान ले गई। सुधीर अगर हेलमेट लगाए होता तो शायद जान बच सकती थी। भाई राजीव ने बताया सुधीर के ज्यादा चोट सिर में ही आई है। उन्होंने बताया सुधीर रोजाना हेलमेट लगाकर ही ड्यूटी जाते थे। लेकिन उस दिन हेलमेट घर में ही छोड़ गए थे। इसी तरह ही लोग हेलमेट न लगाकर जान गवां रहे हैं।