हरदोई। अपने और परिजन के खातों में सरकारी रुपये का भुगतान निकालने के मामले में माधौगंज की ग्राम पंचायत गौतरा की निवर्तमान प्रधान से प्रशासक पद छिन गया। जिलाधिकारी ने पंचायतीराज अधिनियम में कार्रवाई करते हुए माधौगंज के सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी है।
ग्राम पंचायत गौतरा निवासी शैलेंद्र कुमार आदि ने डीएम को 13 अप्रैल को शिकायती पत्र देकर सरकारी रुपये के भुगतान में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। डीएम ने मामले की जांच के लिए सहायक श्रमायुक्त और पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता को नामित किया। समिति ने जांच में शिकायती पत्र में लगाए गए आरोपों की जांच की तो गौतरा की निवर्तमान प्रधान किरन ने अपने बैंक खाते के साथ ही पति के भाई अखिलेश कुमार और रिश्तेदार अमन कुमार वर्मा के खातों में सरकारी रुपये का भुगतान किए जाने की पुष्टि हो गई। इस पर पंचायतीराज अधिनियम में प्रधान और पंचायत सचिव को नोटिस दिया गया था।
बताया गया कि निवर्तमान प्रधान और पंचायत सचिव ने नोटिस का जवाब दिया लेकिन परीक्षण में जवाब संतोषजनक नहीं मिला। इस पर अंतिम जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी। अंतिम जांच रिपोर्ट आने पर ही भुगतान किए गए रुपये की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय ने बताया कि गौतरा की निवर्तमान प्रधान किरन को प्रशासक पद से हटा दिया गया है।