हरदोई। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद 18 साल की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ ही वंचित लोगों को मताधिकार पाने का मौका मिला है। विधानसभा की फोटोयुक्त मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग ने फिर मौका दिया है। आयोग ने मतदाता बनने के लिए आमजन को ऑफलाइन और ऑनलाइन सुविधा दी है।
एसआईआर अभियान के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन करा दिया है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध भी कराई गई हैं। आयोग ने 18 साल की आयु पूरी करने वाले युवक-युवतियों के साथ ही वंचित लोगों को मताधिकार पाने का ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म-छह भरने की सुविधा दी है। फॉर्म-छह के साथ आयु का प्रमाण लगाना अनिवार्य किया गया है।
वहीं, एसआईआर अभियान के बाद जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में 26,22,725 मतदाता हैं। इसमें 14,39,518 पुरुष, 11,83,161 महिला और 46 थर्ड जेंडर शामिल हैं। वहीं एसआईआर अभियान के दूसरे चरण में एक जनवरी 2026 को 18 साल आयु के आधार पर 1,59,789 नाम सूची में जोड़े भी गए थे।
पात्र व्यक्ति बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-छह ऑफलाइन भर सकेंगे। वहीं घर से भी निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म-छह को भरा जा सकता है। फॉर्म-छह के साथ आयु का प्रमाण लगाना अनिवार्य किया गया है। बताया कि ऑनलाइन मिलने वाले फॉर्म की निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तरफ से बीएलओ के माध्यम से जांच कराई जाती है। सही जानकारी होने पर संबंधित फॉर्म को अप्रूव्ड कर दिया जाता है ताकि किसी भी गलत नाम को सूची में जोड़ने से रोका जा सके। -संजय कुमार श्रीवास्तव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी