हरदोई। खाड़ी देशों में युद्ध के हालात और समझौते के बाद से पेट्रोलियम पदार्थों और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति में समस्या आई है। ऐसे में कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले में एक सीबीजी प्लांट के संचालित होने के बाद अब मल्लावां के बीकापुर और शाहाबाद में भी सीबीजी प्लांट की स्थापना होगी। कंपनियों ने सीबीजी प्लांट के लिए एमओयू किया है। साथ ही प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
जनपद में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के साथ ही हरित ऊर्जा को बढ़ावा दिए जाने के प्रति काम किया जा रहा है। विकास खंड भरखनी के भैलामऊ में सीबीजी प्लांट की स्थापना के बाद अब मल्लावां के बीकापुर और शाहाबाद क्षेत्र में कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए रिलायंस इंडस्ट्री और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एसपीसीएल) ने एमओयू के बाद स्थापना प्रक्रिया तेज कर दी है।
बताया कि इन प्लांटों में गोबर और गन्ने की खोई का उपयोग कर कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन किया जाएगा। इससे जहां जैविक अपशिष्ट का बेहतर उपयोग हो सकेगा वहीं स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। सीबीजी प्लांट स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को भी अतिरिक्त आमदनी का जरिया मिलेगा। गोबर और कृषि अवशेषों की खरीद से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिले में उद्योगों को बढ़ावा दिए जाने के लिए औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं बल्कि जिले की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है। मल्लावां के बीकापुर में रिलायंस इंडस्ट्री और शाहाबाद में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने सीबीजी प्लांट स्थापना के लिए एमओयू के साथ ही आगे की प्रक्रिया भी शुरू करा दी है। इससे जल्द ही दोनों स्थानों पर सीबीजी प्लांट की स्थापना से जिले में कंप्रेस्ड बायोगैस के उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। -हर्ष प्रताप सिंह, उपायुक्त, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र