हरदोई। ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अगर निर्धारित तिथि पर आवेदक टेस्ट देने नहीं पहुंच पाता है तो उसे विभाग की ओर से एक और मौका मिलेगा। इसके लिए आवेदकों को पुन: आवेदन नहीं करना होगा। इससे आवेदकों को काफी राहत मिलेगी।
ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। आवेदन के दौरान आवेदक को निर्धारित तिथि पर एआरटीओ कार्यालय आकर टेस्ट देना होता है। टेस्ट की निर्धारित तिथि पर न पहुंचने से आवेदकों को पुन: से पूरी प्रक्रिया करनी पड़ी थी। इसके अलावा आवेदक के फेल होने पर भी उसको पुन: आवेदन करना होता था। जिससे आवेदक को फिर से फीस जमा करनी पड़ती थी।
इससे आवेदकों का काफी पैसा खर्च होता था। मगर अब विभाग की ओर से आवेदकों को अगर निर्धारित तिथि पर किसी कारणवश एआरटीओ कार्यालय नहीं पहुंच पाता है तो उसको एक और मौका दिया जाएगा। वह उसी आवेदन पर दोबारा तिथि मांग कर ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया को पूरा कर सकेंगे।
एआरटीओ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से आवेदकों को एक और मौका दिया जाएगा। जो दूसरी बार निर्धारित तिथि पर कार्यालय पहुंच कर प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।