हरदोई। निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम (आरटीई) के तहत जिले के गरीब परिवारों के 171 बच्चे कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षा प्राप्त करेंगे। प्रथम चरण में लाटरी के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इनकी फीस, किताबों व यूनीफार्म का व्यय विभाग की ओर से किया जाएगा।
निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम (आरटीई) के तहत गरीब परिवार के बच्चे अपने क्षेत्र के निजी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। विभाग की ओर से गरीब परिवार के बच्चों को शिक्षा देने के लिए विद्यालय प्रशासन को शुल्क दिया जाता है। साथ ही अभिभावकों को यूनीफार्म व किताबों की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है।
विभाग की ओर से कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक बच्चों के अभिभावकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। जिले में 216 बच्चों के आवेदन प्राप्त हुए थे। इनका जिला स्तर पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने परीक्षण किया था। परीक्षण के दौरान सात आवेदन मानक के अनुरूप नहीं मिले। शेष 209 बच्चों के आवेदन का लॉटरी सिस्टम से बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह के निर्देशन में चयन किया गया।
इनमें 171 बच्चों को विद्यालय आवंटित किए गए हैं। जिला समिति के अनुमोदन के उपरांत इन विद्यालयों को नवीन सत्र में संबंधित विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाएगा। जिला समन्वयक एमआईएस राहुल दुबे ने बताया कि प्रथम चरण की चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। जिसमें अभिभावक आवेदन कर सकते हैं।
एमआईएस प्रभारी शैलेंद्र झा ने बताया कि 30 मार्च तक आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।