बिलग्राम। बिलग्राम-हरदोई मार्ग पर लालपुर कनहरी मोड़ के पास मंगलवार सुबह दो बाइकों में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार पिता-पुत्री और दो दोस्त घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी फिर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां से किशोरी के पिता और एक युवक को लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में किशोरी के पिता की मौत हो गई।
माधौगंज नगर के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी अनिल कश्यप (40) फ्रिज मैकेनिक थे। पुत्र शोभित ने बताया कि मंगलवार सुबह पिता अनिल कश्यप फ्रिज में डालने वाली गैस लेने के लिए हरदोई शहर जा रहे थे। उनके साथ बहन अंशिका (16) भी थी। अंशिका को शहर से कपड़े खरीदने थे। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरौली शेरपुर निवासी इमरान (20) और उनके दोस्त मोहीद (23) हरदोई शहर से बिलग्राम की ओर जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के लालपुर कन्हारी के पास दोनों बाइकों में टक्कर हो गई। घटना में दोनों बाइक पर सवार चारों लोग सिर के बल सड़क पर गिए। हेलमेट न लगाए होने के कारण सभी के सिर में गंभीर चोटें आईं।
चारों को एंबुलेंस से बिलग्राम सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सक ने अनिल और इमरान को लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन अनिल को लखनऊ ले जा रहे थे रास्ते में उनकी मौत हो गई। अनिल के परिवार में पत्नी संतोषी देवी, एक पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि चारों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया था। उसमें एक की मौत की सूचना मिली है।