-भरावन विकास खंड में अतरौली चौराहा पर बैठे छुट्टा मवेशी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। गोशालाओं के निर्माण को लेकर अफसर डीएम के निर्देश भी नहीं मान रहे हैं। भरावन विकास खंड में सात गांवों में भूमि चिह्नित होने के बाद भी गोशाला का निर्माण नहीं शुरू हुआ। मामले में डीएम अविनाश कुमार ने बीडीओ को नोटिस जारी की है।
जिले भर में छुट्टा मवेशियों के कारण किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फसल बचाने के लिए उन्हें सर्द रातें खेतों में गुजारनी पड़ रही हैं। छुट्टा मवेशियों की समस्या से निपटने के लिए गोशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। संडीला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भरावन ब्लाक में भी छुट्टा मवेशियों की समस्या है।
यहां अभी पांच गोशालाएं ही संचालित हैं। डीएम अविनाश कुमार ने इस मामले पर गंभीरता दिखाकर नई स्थायी और अस्थायी गोशाला का निर्माण कराने के लिए भूमि चयनित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में भरावन ब्लाक की जगसरा, डांडा, बहेरिया, महुआडांडा, सागरगढ़ी, सैयापुर और जाजूपुर में भूमि चिह्नित की गई थी। डीएम ने उक्त गांवों में से जाजूपुर में स्थायी और बाकी छह गांवों में अस्थायी गोशाला का निर्माण कराने के निर्देश भरावन के खंड विकास अधिकारी को दिए थे। इसके बाद भी अब तक उक्त स्थानों पर गोशालाओं का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है।
डीएम ने बताया कि भरावन के खंड विकास अधिकारी को नोटिस जारी की गई है। जल्द अगर कार्य शुरू नहीं कराया गया तो विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार उक्त सात गांवों में गोशाला बनाने के लिए भूमि चिह्नित होने के बाद सीवीओ और डीपीआरओ ने भी कवायद की थी। 18 सितंबर को सीवीओ डॉ. जेएन पांडेय और डीपीआरओ गिरीश चंद्र ने 21 सितंबर को भरावन के बीडीओ को पत्र भेजकर चिह्नित भूमि पर गोशालाओं का निर्माण कराने के लिए कहा था। लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं हुई।