हरदोई। सीएम डैश बोर्ड पर एक ही परियोजना को दो-दो बार फीड किए जाने से जिले की रैंकिंग बिगड़ सकती है।
कार्यदायी संस्थाओं की ओर से सीएम डैश बोर्ड पर की गई दो-दो बार फीडिंग के लिए जिलाधिकारी ने चार अधिशासी अभियंताओं को नोटिस जारी किए हैं। जवाब-तलब के साथ ही सीएम डैश बोर्ड की फीडिंग सही कराने को कहा है।
शासन की ओर से कराए जा रहे काम, योजना, कार्यक्रम और निर्माण कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा और प्रगति के आधार पर जिले की रैंकिंग की सीएम डैश बोर्ड पर व्यवस्था की गई है। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना के चलते नियमित समीक्षा नहीं की जा सकी, लेकिन मतदान के बाद जब सीएम डैश बोर्ड को देखा गया तो एक ही काम को दो-दो बार तक फीड किया गया है। एक ही काम दो-दो बार फीड होने से काम की प्रगति के साथ ही जिले की रैंक भी प्रभावित होगी। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने समीक्षा के बाद एक ही काम दो-दो बार सीएम डैश बोर्ड पर प्रदर्शित होने पर नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के काम दो-दो बार फीड होने पर लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड, निर्माण खंड एक और दो अधिशासी अभियंताओं को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है। ऐसे ही राष्ट्रीय जल प्रबंध योजना के अधिशासी अभियंता से भी जवाब-तलब किया है। कहा कि परियोजनाओं की फीडिंग को दुरुस्त कराया जाए।