प्रधानी चुनाव में प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार से द्वितीय चरण के लिए चयनित ब्लाकों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। बुधवार की देर रात तक तैयारियां जारी रहीं। आला अधिकारियों ने संबंधित आरओ व एआरओ को प्रथम चरण में रह गई कमियों से सीख लेते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव की सात नवंबर को अधिसूचना जारी की जा चुकी है। शेड्यूल में जहां 16 व 17 नवंबर को प्रथम चरण में सांडी, बिलग्राम, माधौगंज, मल्लावां व हरपालपुर में नामांकन प्रक्रिया को संपन्न कराया गया। अब 19 व 20 नवंबर को द्वितीय चरण के लिए चयनित ब्लाकों में नामांकन कराया जाएगा।
इस चरण में शाहाबाद, टोडरपुर, पिहानी व भरखनी ब्लाकों को शामिल किया गया है। बुधवार को जिले में चुनाव कार्यालय द्वारा संबंधित स्टेशनरी को भेजने का कार्य जारी रहा। ब्लाकों पर आरओ व एआरओ ने मौके पर मौजूद रहकर नामांकन कक्षों के बाहर बेरीकेडिंग लगवाई। निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने बताया कि 19 व 20 नवंबर को संबंधित ब्लाकों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक नामांकन कराया जा सकेगा।
नामांकन पत्रों की जांच 21 व 22 नवंबर को कराई जाएगी। नाम वापसी के लिए 23 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है। दावेदार अपने साथ नामांकन संबंधी सारे प्रपत्र ले जाएं। उन्हें कोई समस्या हो तो आरओ व एआरओ से संपर्क कर सकते हैं।