रेलवे के आरक्षण काउंटर में लगी लोगों की भीड़। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर लोग अब भी सतर्क नहीं हो रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों और अन्य जगहों पर भीड़ दिख रही है और मास्क का प्रयोग भी लोग भूल गए हैं। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा व अन्य जगहों से आने वाले लोगों की जांच के लिए रेलवे स्टेशन या रोडवेज बस अड्डे पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना की जांच की व्यवस्था नहीं की गई है।
बाहर से आने वाले लोग बिना जांच कराए ही जिले में आ-जा रहे हैं। बुधवार दोपहर रेलवे स्टेशन पर बिना मास्क लगाए लोगों की आवाजाही दिखी। यहां करोना की जांच के लिए कोई काउंटर नहीं है। स्टेशन के बाहर एक वैन खड़ी थी लेकिन उसमें बैठे कर्मचारी किसी यात्री की आरटीपीसीआर जांच नहीं कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन आधा घंटे वह लोग वैन से रेलवे स्टेशन के बाहर आकर खड़े हो जाते हैं। जो यात्री स्वेच्छा से कोरोना की जांच कराना चाहता है, उसका ब्योरा लिखकर जांच की जाती है।
रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर भी भीड़ नजर आई।
वहीं रोडवेज बस अड्डे पर भी लापरवाही दिखी। बिना मास्क लगाए एक ही स्थान पर कई यात्री नजर आए। परिसर में स्वास्थ्य विभाग और न ही रोडवेज ने जांच के लिए कोई काउंटर बनाया है। शहर के गांधी भवन स्थित प्राइवेट बस अड्डे से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री उन्नाव, राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों से आते-जाते हैं। यहां भी मास्क व सामाजिक दूरी नहीं दिखी।
वर्जन
रेलवे स्टेशन पर दो और रोडवेज बस अड्डे पर एक टीम यात्रियों की कोरोना जांच के लिए लगाई गई है। वैन से यह टीमें जाकर यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच करती हैं। रेलवे स्टेशन पर जांच कैंप लगाने की जगह नहीं मिल रही थी। बुधवार को एसीएमओ को रेलवे के अधिकारियों से बात के लिए भेजा गया। जल्द ही रेलवे स्टेशन पर जांच कैंप शुरू हो जाएगा। - डा. ओम प्रकाश तिवारी, सीएमओ
यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग के लिए तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह सात से शाम सात बजे तक थर्मल स्क्रीनिंग की जाती है। स्वास्थ्य विभाग की टीम वैन से यात्रियों की आरटीपीआर की जांच के लिए आती है। - एमके त्रिवेदी, आरएम रोडवेज