हरदोई। शहर के बिजली उपभोक्ताओं को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की लापरवाही के कारण राहत नहीं मिल पा रही है। बिजली वितरण निगम ने अपने हिस्से का काम पूरा कर लिया है लेकिन एनएचएआई की कार्यदायी संस्था की अड़ंगेबाजी के कारण बिजली लाइन बन नहीं पा रही है। इस कारण तपती गर्मी में जनता को घंटों बिजली कटौती और लो-वोल्टेज का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली वितरण निगम की ओर से 132 विद्युत उपकेंद्र मन्नापुरवा से 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड तक नई 33 केवी की लाइन बनाई जा रही है। बिजली लाइन बाईपास बना रही एनएचआई की कार्यदायी संस्था के वर्कशॉप के पास से निकली है। इसके अलावा ओवरब्रिज के पास से भी लाइन को निकलना था। कार्यदायी संस्था के संचालक वर्कशॉप से बिजली लाइन निकलने नहीं दे रहे थे। इस कारण बिजली लाइन पूर्ण नहीं हो पा रही थी। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद बिजली लाइन का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया। अब एनएचआई की कार्यदायी संस्था को 16 कनेक्टिंग बॉक्स बनाने हैं मगर वह कार्य अधूरा पड़ा है। इससे बिजली लाइन शुरू नहीं हो पा रही है।
कार्यदायी संस्था को कई बार लिखित व मौखिक रूप से कार्य पूर्ण करने के लिए कहा गया है मगर अभी तक कार्य पूरा नहीं किया गया है। इस कारण बिजली लाइन चार्ज नहीं हो पा रही है। -प्रेम प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता
16 कनेक्टिंग बॉक्स को बनाया जाना था जिसमें से आठ का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रविवार शाम तक पूरा कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा। -आदित्य यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर