फोटो-27-आरती की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HARDOI
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मलिहामऊ में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति का कहना है कि चाय बनाने को लेकर विवाद के बाद पत्नी ने खुदकुशी की है, जबकि मृतका की मां ने ससुराल वालों पर मारपीट कर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मलिहामऊ निवासी अंकेश पुत्र बाबूूराम खेती करता है। अंकेश की शादी दो माह पहले सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के ग्राम खेरवा निवासी आरती (22) पुत्री मन्नू के साथ हुई थी। शनिवार की सुबह आरती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
अंकेश ने बताया कि सुबह चाय बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरती कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर आरती का शव फांसी पर लटक रहा था। घटना की सूचना आरती के मायके दी गई।
आरती की मां मर्रो अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंची। मां ने ससुराल वालों पर मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। सुरसा थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।