हरदोई। हरपालपुर पुलिस को जल्द ही अपना कार्यालय भवन मिल जाएगा। नए कार्यालय भवन निर्माण के लिए 7.91 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। शासन ने 3.95 करोड़ रुपये काम कराने के लिए जारी भी कर दिए हैं। कोतवाली कार्यालय भवन निर्माण की जिम्मेदारी उप्र पुलिस आवास निगम को सौंपी है।
कोतवाली हरपालपुर का संचालन अंग्रेजों की जमाने के भवन में होता रहा है। भवन की स्थिति को देखते हुए विभाग ने भवन को अनुपयोगी घोषित ध्वस्त करा दिया था। पुलिस मुख्यालय की ओर से अप्रैल माह में भेजे गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पर शासन ने कार्यालय भवन निर्माण के लिए वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। शासन के अनु सचिव प्रभात रंजन की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि हरपालपुर कोतवाली कार्यालय भवन निर्माण के लिए 7,91,85,000 रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई है। शासन ने इसी के साथ भवन निर्माण के लिए 3,95,92,000 रुपये भी जारी कर दिए हैं। भवन निर्माण की जिम्मेदारी उप्र पुलिस आवास निगम को दी है।
थाना प्रभारी रहे भगवान चंद्र वर्मा की ओर से जनसहयोग से बनवाए गए हाल में संचालित किया जा रहा है। शासन की ओर से स्वीकृति मिलने से अब जल्द ही कार्यालय भवन मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि शासन की ओर से कोतवाली कार्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति और बजट जारी किए जाने की जानकारी मिली है।