फोटो-16-घटनास्थल पर लगी महिलाओं और ग्रामीणों की भीड़। संवाद
- फोटो : HARDOI
सुरसा (हरदोई) के थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सथरी में युवक की चाकुओं से गर्दन काट दी गई। उसका शव गांव से कुछ दूर खेत में पड़ा मिला। मृतक के बड़े भाई का कहना है कि गांव का एक युवक मां से मिलने आता था। इस पर छोटे भाई ने आपत्ति जताई थी। इसी रंजिश में उसने साथियों संग मिलकर हत्या की है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सथरी निवासी रोशन (18) पुत्र जगदीश गांव में खेती और मजदूरी करता था। सोमवार देर शाम वह शौच गाया था, लेकिन लौटा नहीं। उसका बड़ा भाई वीरू और छोटा भाई अंकित रात में उसे तलाशने निकले, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के निकट ही स्थित झिनुआं में खेत में पड़ा मिला। हत्यारों ने गर्दन काटने के बाद रोशन का पेट भी फाड़ दिया था और इसके कारण उसकी आंतें तक बाहर आ गईं थीं। शव देखकर दोनों भाई बिलख पड़े।
सूचना पर एसपी अनुराग वत्स, एएसपी पूवी अनिल यादव, सीओ सिटी विकास जायसवाल और सुरसा थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे। पूछताछ में घटना की वजह सामने आ गई। मृतक के बड़े भाई वीरू ने एसपी अनुराग वत्स को बताया कि उसके पिता जगदीश की मौत तीन वर्ष पहले हो चुकी है। गांव निवासी अहिबरन मां से मिलने घर आता था।
इस पर रोशन ने आपत्ति जताई थी और मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी। बाद में दोनों पक्षों ने सुलह कर ली थी। इसके बाद से ही अहिबरन की रंजिश रोशन से हो गई थी। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि मृतक के भाई वीरू की तहरीर पर गांव निवासी अहिबरन पुत्र बुद्धा, रामचंद्र पुत्र मुल्ला, विपिन पुत्र मुलायम और छोटे पुत्र कालिका के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।