माधौगंज। बहन का तिलक लेकर जा रहे बाइक सवार ममेरे भाइयों को बुधवार रात गंगा एक्सप्रेसवे के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के गनीपुर निवासी ब्रजमोहन मिश्रा (40) क्रेन चालक थे। उनकी बहन नवरात्रि का तिलक बुधवार रात तपनौर गया था। तिलक चढ़ाने के लिए ब्रजमोहन भी गांव निवासी ममेरे भाई अजय (26) के साथ बाइक से तपनौर जा रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सेलापुर के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। ब्रजमोहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अजय घायल हो गए। दरअसल, हेलमेट न लगाए होने के कारण दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
इस दौरान उधर से निकले रूदामऊ के प्रधान प्रतिनिधि कृष्ण कुमार ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। यहां ब्रजमोहन मिश्रा को फौरन ही और अजय को लगभग 20 मिनट बाद मृत घोषित कर दिया। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ब्रजमोहन मिश्रा के परिवार में पत्नी रजनी, एक पुत्र और एक पुत्री है। अजय अविवाहित थे और गांव में ही खेती करते थे।
सादगी से पूरी हुईं रस्में, हर कोई भागा सीएचसी
तिलक चढ़ाने के लिए गए परिजन खासे उत्साहित और उल्लास में थे। तिलक चढ़ाने के बाद सभी का रात में ही वापस गांव जाने का कार्यक्रम था। तिलक की रस्म शुरू होने के कुछ ही देर बाद हादसे में ममेरे भाइयों की मौत की जानकारी परिजनों को मिली। इस पर कुछ जिम्मेदार परिजन वहीं रुक गए और सादगी के साथ तिलक चढ़ाने की रस्में पूरी हुईं। ज्यादातर लोग घटना का पता चलते ही सीएचसी माधौगंज की तरफ दौड़ गए।
ढोलक की थाप थमी, चीख पुकार मची
नवरात्रि का तिलक लेकर परिजन तपनौर चले गए तो घर में ढोलक की थाप पर मंगलगीत गूंजने लगे। इस बीच हादसे की जानकारी परिजनों को मिली तो ढोलक बजना बंद हो गई। हर कोई बिलख पड़ा। बच्चों को कुछ समझ नहीं आया तो वह चीखने लगे। माहौल अचानक ही गमगीन हो गया। नवरात्रि को भाइयों की मौत की जानकारी मिली तो वह बदहवास हो गई। परिवार और मोहल्ले की महिलाओं ने किसी तरह उसे संभाला।
फोटो-05- अजय। फाइल फोटो