हरदोई। हरियावां के साथ टड़ियावां का भी प्रभार संभाल रहे खंड शिक्षा अधिकारी अनिल झा पर लगे आरोपों की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। उनके खिलाफ विभागीय अधिकारियों को छह शिकायती पत्र मिल चुके हैं। बीते 19 मार्च को जिलाधिकारी की बैठक से अनिल झा को शराब के नशे में होने की आशंका पर मेडिकल के लिए भेजा गया था। तब से वह न सिर्फ प्रशासन बल्कि विभागीय अधिकारियों की निगाह में भी चढ़े हुए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी अनिल झा के पास वर्तमान में ब्लॉक हरियावां व टड़ियावां का प्रभार है। उनके खिलाफ ब्लॉक में तैनात शिक्षकों को प्रताड़ित करने से लेकर कन्वर्जन कास्ट में कमीशन मांगे जाने तक के गंभीर आरोप लग चुके हैं। उनकी कार्यशैली पर भी कई मौकों पर विभागीय कर्मचारी सवाल उठा चुके हैं। अब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह ने अनिल झा पर लगे आरोपों की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की है।
इस कमेटी में हरपालपुर के खंड शिक्षा अधिकारी उदय भान और बीईओ मुख्यालय प्रभाष कुमार शामिल हैं। शिकायत के आधार पर अनिल झा को आरोप पत्र जारी करने और हर बिंदु पर जांच कर आख्या दो सप्ताह में देने के निर्देश बीएसए ने दिए हैं। बीएसए ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।