हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर तेेज रफ्तार कार ने सास-बहू को टक्कर मार दी। दोनों को उपचार के लिए हरदोई ले जाया जा रहा था, लेकिन सास ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। दोनों सवार कार को छोड़कर चले गए।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुलामीखेड़ा निवासी भानमती (61) पत्नी शिवराज अपनी बहू ऊषा देवी (40) पत्नी सुरेश रविवार दोपहर लगभग तीन बजे घर से खेत फसल देखने के लिए जा रहीं थीं। गांव से बाहर से संडीला बांगरमऊ रोड पर तेज रफ्तार कार ने सास, बहू को टक्कर मार दी। इसके बाद कार भी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। घटना की जानकारी पर ग्रामीण, परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। सास और बहू को एंबुलेंस से बेंहदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, यहां चिकित्सक ने भानमती की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ऊषा को भी रेफर किया गया। हरदोई ले जाते समय रास्ते में भानमती की मौत हो गई, तो परिजन उसका शव लेकर घर चले गए।
कासिमपुर के प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि महिला की मौत होने की जानकारी नहीं है। कार में उन्नाव निवासी दो लोग सवार थे और एक शादी में शामिल होने के लिए मलिहाबाद जा रहे थे। कार को खिंचवाकर कासिमपुर थाने में खड़ा करा लिया गया है।