हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर खम्हरिया गांव के पास शनिवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में चोट लगने से युवक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने युवक के पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने पर रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
फर्रुखाबाद जनपद के राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भुड़िया निवासी बृजमोहन (29) पुत्र छोटेलाल खेती करता था। उसकी ससुराल हरपालपुर के ग्राम सतौथा में है। शनिवार की देर रात वह बाइक से ससुराल आ रहा था। रास्ते में पाली थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर खम्हरिया गांव के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से सिर में चोट आई। मौके पर उसकी मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर आ गए। बृजमोहन के परिवार में पत्नी किरन के अलावा एक बेटा व एक बेटी है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।