हरदोई। लोकसभा चुनाव की अब तक व्यवस्था और तैयारियों का मंडलायुक्त ने जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को देखा और कहा कि मतदाताओं के लिए न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। मतदाता पहचान पत्र वितरण, सूचनाओं के अंकन का सत्यापन करा लें।
बुधवार को मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब यहां पहुंची। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र मिश्रिख के विधानसभा क्षेत्र संडीला, बालामऊ के बूथों को देखा। उन्होंने प्राथमिक स्कूल तिलैयाकला, रसूलपुर, गोसवा डोंगा आदि बूथों का निरीक्षण किया। न्यूनतम सुविधाओं का जायजा लिया। एसडीएम को निर्देश दिए कि बूथों पर सामान्य सूचना के अंकन, विद्युत कनेक्शन, उचित क्षमता की लाइट व पंखे, प्रसाधन, पेयजल, हैंडपंप की क्रियाशीलता, रैंप, साफ-सफाई, इंटरनेट नेटवर्क, टोल फ्री नंबर 1950 का अंकन, ईपिक वितरण इत्यादि का सत्यापन करा लें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि शराब, रिश्वत व जोर-जबरदस्ती से पक्ष व विरोध में वोट डालने का प्रयास किया तो इसकी जानकारी अधिकारियों को दें। निरीक्षण के समय संडीला एसडीएम तान्या सिंह व अधिकारी साथ रहे। इसके बाद मंडलायुक्त ने आईजी तरुण गाबा, जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह के साथ मंडी समिति और आईटीआई में स्ट्रांगरूम की व्यवस्थाओं को देखा। कहा कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी समय से करा ली जाए। सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रखे जाएं।