हरदोई। तीन साल पहले हुई घटना का जिक्र शराब पीने के दौरान किया जाना जीतपुरवा निवासी युवक की हत्या का सबब बन गया। शुक्रवार रात सुरसा थाना क्षेत्र के जीतपुरवा में हुई युवक की हत्या के आरोप में पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया गया। पोस्टमार्टम में धारदार हथियार के वार से सिर के पीछे की हड्डी टूट जाने से मौत होने की बात सामने आई।
जीतपुरवा निवासी सोहित (25) खेती करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार रात सोहित गांव निवासी जितेंद्र और अमर सिंह के साथ बैठकर गांव के बाहर पुलिया पर शराब पी रहा था। इस दौरान सोहित ने तीन साल पहले हुई घटना का जिक्र करते हुए अमर सिंह का मजाक उड़ा दिया। दरअसल तीन साल पहले सोहित अपने चचेरे भाई के साथ अमर सिंह की बहन को लेकर चला गया था।
गांव में ही हुई पंचायत के बाद मामला सुलझ गया था और अमर सिंह अपनी बहन को घर ले गया था। इसके बाद आरोपियों और सोहित के बीच संबंध सामान्य हो गए थे। शुक्रवार रात तीनों शराब पी रहे थे। इस दौरान विवाद होने पर अमर सिंह और जितेंद्र ने धारदार हथियार से वार कर सोहित की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार के तीन वार मृतक के सिर के पीछे की तरफ मिले। पीछे की हड्डी टूट जाने के कारण मौत हो गई। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मृतक के ताऊ की शिकायत पर हत्या का मामला शुक्रवार रात ही दर्ज कर लिया गया था। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।