फोटो-2- इम्तियाज। फाइल फोटो
- मल्लावां के बालामऊ-कानपुर रेलमार्ग पर हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मल्लावां। बालामऊ-कानपुर रेलमार्ग पर चुंगी नंबर दो के पास पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह हुई घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। दावा है कि मृतक पिछले तीन साल से मानसिक रूप से परेशान था।
नगर के मोहल्ला मिर्जापुर निवासी इम्तियाज अली (40) कढ़ाई का काम करते थे। छोटे भाई सिराज के मुताबिक, तीन साल से इम्तियाज मानसिक रूप से परेशान थे। उनका इलाज लखनऊ के एक अस्पताल से चल रहा था। एक साल से उनकी तबीयत ज्यादा खराब चल रही थी। उनको गुस्सा बहुत आता था। छोटी-छोटी बात पर वह इधर-उधर चले जाते थे। शुक्रवार की सुबह वह बिना बताए घर से निकल गए थे। सुबह साढ़े सात बजे बालामऊ-कानपुर रेलमार्ग पर चुंगी नंबर दो के पास ऊंचागांव अंडरपास के ऊपर बालामऊ-कानपुर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। सिराज ने बताया कि इम्तियाज के गुस्से और व्यवहार से परेशान होकर चार माह पहले उनकी पत्नी रूबी पुत्र को छोड़कर उन्नाव जनपद के आसीवन अपने मायके चली गईं थीं। इम्तियाज का सात वर्षीय एक पुत्र है। कोतवाल शिवकांत पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत की बात सामने आई है। शव का पंचनामा भरवाया गया है।