फोटो-5-मानसी। फाइल फोटो
फोटो-6-मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी के बाहर मौजूद मृतका के परिजन। संवाद
- पति ने बीमारी से बताया मौत- सांडी थाना क्षेत्र के लक्षनपुरवा की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के लक्षनपुरवा निवासी विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति का कहना है कि पत्नी पिछले तीन साल से बीमार थी और इसी वजह से मौत हुई है। विवाहिता की दादी ने दहेज के लिए जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
सांडी थाना क्षेत्र के लक्षनपुरवा निवासी अतुल की शादी चार साल पहले अतरौली थाना क्षेत्र के बिरईखेड़ा निवासी मानसी (24) के साथ हुई थी। अतुल ने बताया कि शादी के एक साल बाद से ही मानसी बीमार रहने लगी थी।
दवा के साथ ही उसकी झाड़-फूंक भी सीतापुर के बरगदिया और हरदोई के तिलिया गांव में कराई जा रही थी। दावा है कि रविवार देर शाम मानसी की तबीयत बिगड़ गई। हरपालपुर सीएचसी से उसे मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान देर रात ही उनकी मौत हो गई।
मृतका की दादी राजरानी और चाचा विशेष ने बताया कि अतुल दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर कोई जहरीला पदार्थ देकर हत्या कर दी है। मृतका के एक पुत्र और एक पुत्री है। सीओ बिलग्राम आरपी सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। देर शाम हुए पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।