हरदोई। ग्राम पंचायत महोलिया शिवपार के मजरा मढ़िया फकीरन निवासी बीडीसी सदस्य पर रंजिशन कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। बचाने पहुंचे बीडीसी सदस्य के माता-पिता सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने बलवा, जानलेवा हमला आदि धाराओं में 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मढ़िया फकीरन निवासी सगीर पुत्र नूर मोहम्मद ने देहात कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई शब्बीर बावन विकास खंड में बीडीसी सदस्य है। शनिवार रात शब्बीर अपने परिचित शोएब के साथ एक शादी में शामिल होकर गांव लौट रहा था।
गांव के बाहर पुलिया पर बैठे गांव निवासी सोहराब, उसके भाई इकबाल, पुत्र सूफियान, साहिल, भतीजे इकबाल आदि ने लोहे की सरिया और बांका से हमला बोल दिया। शब्बीर और शोएब के शोर मचाने पर पिता नूरमोहम्मद, मां महरुन्निशां, बुआ अफसरी बानो व खलील बचाने दौड़े तो इन पर भी हमला कर दिया।
दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने फायर भी किए। गंभीर हालत में सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। देहात कोतवाली प्रभारी रंधा सिंह ने बताया कि सगीर की तहरीर पर सोहराब, इकबाल, गुफरान, सूफियान, साहिल, अरबाज के साथ नसीर पुत्र भज्जू, छोटे पुत्र हसन अली, सैय्यद शाह, उनके दो पुत्रों अजीज और अतीक, रुकशाद पुत्र छोटे, नबीजान पुत्र जामिद अली और उसके पुत्र सूफी जान के विरुद्ध हत्या के प्रयास, बलवा आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।