अधिवक्ता संघ सभागार में रविवार को आचार्य सत्यवीर प्रकाश आर्य की पत्रिका एक ही रास्ता का विमोचन करते हुए मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने कहा कि नई पीढ़ी में संस्कारों का बीजारोपण करने में यह पत्रिका मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गुरुकुल कांगड़ी के संस्थापक, अमर शहीद स्वामी श्रद्धानंद की पावन जयंती पर प्रकाशित यह पत्रिका जन- जन का मार्गदर्शन करेगी। विशिष्ट अतिथि बार संघ के पूर्व अध्यक्ष कुलभूषण सिंह ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने दिल्ली में अंग्रेजों को उनकी संगीनों के सामने सीना खोलकर ललकारा था। राष्ट्रपिता भी उनका सम्मान करते थे। ऐसे महापुरुष की जयंती पर निकली यह पत्रिका राष्ट्रीयता का शंखनाद करेगी।
पूर्व अध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने कहा कि पत्रिका समाज को एक नई दिशा देगी। कवि रामरुप त्रिवेदी ने कहा कि समाज को आज सद् साहित्य की आवश्यकता है। आचार्य सत्यवीर प्रकाश आर्य ने कहा कि राष्ट्रीयता, विश्व प्रेम, विश्व शांति का पावन संदेश देने के लिए इस पत्रिका का शुभारंभ किया गया है।
बार संघ अध्यक्ष सतीश चंद्र सिंह व महामंत्री अश्वनी कुमार सिंह ने भी विचार रखे। इस मौके पर डा. विपिन त्रिवेदी, उमेश वर्मा, अमित मिश्रा, सुधावाचस्पति, प्रमोद वर्मा, शिवमंगल दीक्षित, देवेंद्र सिंह, सुरेश वर्मा, चंद्र प्रकाश अवस्थी, डा. अजय श्रीवास्तव, लक्ष्मण सिंह यादव, आशीष, शिवकुमार आर्य आदि मौजूद रहे।