पंचायत चुनाव के उपनिर्वाचन में रविवार को जिले में रिक्त प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान कराया गया। ग्राम प्रधान के दो, क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो पदों के अलावा 14 ब्लाकों की 55 ग्राम सभाओं में ग्रामपंचायत सदस्य के लिए वोट डाले गए। प्रधान पद में मल्लावां का गंजजलालाबाद व सुरसा का हुसियापुर शामिल रहा।
बीडीसी में टड़ियावां प्रथम व भरावन जाजूपुर द्वितीय के लिए वोट डाले गए। उप निर्वाचन में सुरसा ब्लाक में जहां 75 फीसदी तो वहीं बिलग्राम में 69 फीसदी मतदान हुआ है। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने बताया कि मल्लावां में 60.5, टड़ियावां में 66.7, सुरसा में 75.7, भरखनी में 63.94, बेंहदर में 53.45, कछौना में 62, बिलग्राम में 69 एवं सांडी में 59.21 प्रतिशत मतदान रहा है।
इससे अन्य ब्लाकाें की तरह ही बिलग्राम, मल्लावां, माधौगंज ब्लाकों में भी सात से आठ बजे के मध्य मतदान केंद्रों की तरफ चहलकदमी दिखाई दी। इस दौरान इक्का दुक्का लोग वोट करते देखे गए। नौ बजते ही मतदान केंद्र के बूथ पर मतदाताओं की कतारें दिखने लगीं।
मल्लावां में नौ बजे के बाद गंज जलालाबाद के बूथ पर अन्य मतदाताओं के साथ ही महिला मतदाताओं की अच्छी भीड़ दिखाई दी। पुरुषों ने भी कतार में लगकर मतदान किया। गंजजलालाबाद में प्रधान पद के मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। एसपी बीसी दुबे, सीओ बलवंत चौधरी व कोतवाल सियाराम सरोज पुलिस बल के साथ वहां मौजूद रहे।
उधर, मल्लावंा के बूथ पर 80 वर्षीय सोने लाल को उनके परिजन जहां ठेले पर लेकर आए और उनके पुत्र ने उन्हें मतदान कराया। 82 वर्षीय बाबूलाल को उनके दो नातियों ने कंधे पर उठाकर बूथ पर लाकर मतदान कराया। इसके अलावा विकलांग सरोज कुमार ने मतदान किया वहीं रामकली 78 वर्ष ने भी ठेलिया पर आकर मतदान किया।