हरदोई। प्रभारी मंत्री समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की समन्वय बैठक की। मंत्री ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता से काम पूरा होने वाले रिवैंप योजना के 10 गांवों की सूची तलब कर ली। कहा कि इन गांवों में काम का औचक निरीक्षण कराया जाएगा। गड़बड़ी पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक में सभी विभागों के बजाय तय प्राथमिकता के बिंदुओं पर ही चर्चा की। उन्होंने गर्मियों को देखते हुए बिजली आपूर्ति की तैयारी और व्यवस्था की जानकारी ली। कहा कि पहले से ही व्यवस्थाएं जुटा ली जाएं। बिजली के ढीले तारों से गांवों में फसल में आग लगने की घटनाओं के संबंध में कहा कि तारों को दिखवा लिया जाए। जहां पर जरूरत हो वहां पर तारों को दुरुस्त करा लिया जाए, ताकि फसलों को नुकसान न होने पाए।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि लोड बढ़ रहा है। ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कराई जा रही है। उन्होंने काम पूरा होने वाले गांवों में रावल, परसनी, ऐजा, रामपुरवा रठवा, पलिया, इस्माइलपुर, बघराई और ज्ञानपुरवा आदि गांवों के नाम बताएं।
मंत्री ने जीरो पावर्टी और फैमिली आईडी की स्थिति की जानकारी ली। डीएसओ से कहा कि राशनकार्ड अस्वीकृत होने के कारणों की जांच कराएं। अधिकारियों से कहा कि प्रदेश को गरीबीमुक्त बनाया जाना है। जीरो पावर्टी में परिवारों के चिह्नांकन में ईमानदारी व पारदर्शिता बरतें। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी दी। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह, अशोक अग्रवाल, एसपी नीरज कुमार जादौन, सीडीओ सौम्या गुरूरानी, ब्लॉक प्रमुख धर्मवीर सिंह पन्ने, प्रतिनिधि धनंजय मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह, श्यामू त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
100 से अधिक जोड़ों की न कराई जाए एक साथ शादी
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 100 से अधिक जोड़ों की शादी एक साथ न कराई जाएं। अधिक संख्या में शादी होने पर समारोह में बदइंतजामी की बात सामने आई है। दो से तीन ब्लॉकों के जोड़ों को मिलाकर 100 जोड़ों की शादी विधानसभा क्षेत्र में विधायक की मौजूदगी में कराई जाएं। डीएम एमपी सिंह ने यहां पर बड़ी संख्या में जोड़ों की शादी व्यवस्थित ढंग से कराए जाने की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि अब आगामी वित्तीय वर्ष से 100 से अधिक जोड़ों की शादी एक साथ न कराने के आदेश दिए गए हैं।
आरटीई में प्रवेश न देने वाले विद्यालयों को नोटिस दी जाएं
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने आरटीई (शिक्षा का अधिकार अधिनियम) में जरूरतमंद बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश न दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की। डीएम से कहा कि ऐसे विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों की बैठक कर ली जाए। प्रवेश न दिए जाने के लिए नोटिस दी जाएं। सुधार न होने पर मान्यता समाप्त किए जाने की कार्रवाई की जाए।
-
फोटो-27-शहर के नुमाइश चौराहा (अटल चौक) पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मौजूद समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती और डीएम मंगला प्रसाद सिंह। संवाद
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा व आश्रयगृह का लोकार्पण किया
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने गुरुवार शाम को वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य नुमाइश चौराहा पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण किया। इससे पहले नगर पालिका परिषद में डूडा से बनवाए गए स्थायी आश्रयगृह का लोकार्पण किया। आश्रयगृह का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखा। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी देश के सर्वमान्य नेता रहे हैं। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, डीएम एमपी सिंह, एसपी नीरज कुमार जादौन, जिला पर्यटन अधिकारी दीपांकर चौधरी मौजूद रहे।
उद्यमियों से बोले मंत्री : अब तो कोई रंगदारी नहीं मांगता
संडीला। प्रभारी मंत्री समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने औद्योगिक क्षेत्र में बैठक की। उद्यमियों की समस्याओं को सुना। उद्यमियों से सवालिया लहजे में बोले कि अब तो कोई रंगदारी नहीं मांगता है। बृहस्पतिवार को वरुण बेवरेज में बैठक में चेप्टर चेयरमैन अमित भदौरिया ने सड़क, पानी और बिजली पर संतोष जताया, तो कई विभागों से भेजी जाने वाली नोटिसों का मुद्दा उठाया।
कहा कि नोटिस से पहले जांच होनी चाहिए। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस पर ध्यान दें। आईपीएल के जीएम अजय भटनागर ने औद्योगिक क्षेत्र में खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की समस्या उठाई। एसपी को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। एनएचएआई और यूपीसीडा से ट्रकों के खड़े होने के लिए उचित व्यवस्था करने के लिए कहा। उद्यमियों से अपनी यूनिटों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। मंत्री ने प्लांट का निरीक्षण और पौधरोपण किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने वेब्ले स्काॅट फैक्टरी पहुंचे। निदेशक सुरेंद्र सिंह से जानकारी ली। एयरगन चलाकर भी देखी। विधायक अलका सिंह अर्कवंशी, एमएलसी अशोक अग्रवाल, डीएम एमपी सिंह, एसपी नीरज कुमार जादौन, एसडीएम डॉ. अरुणिमा श्रीवास्तव, सीओ सतेंद्र कुमार सिंह सहित उद्यमी व अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन
संडीला। लघु उद्योग भारती हरदोई के अध्यक्ष सजीव अग्रवाल ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती आवासीय प्लॉटिंग को रोकने और 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की। संगठन ने सरकार से 2017-18 से 2019-20 के जीएसटी मामलों में ब्याज और पेनल्टी माफ, जीएसटी की धारा 74 के केस की समीक्षा की मांग की। व्यापारियों के एक्स-पार्टी केसों को दोबारा खोलने की मांग की है।