हरियावां (हरदोई)। नशेबाजी में विवाद के बाद बृहस्पतिवार की शाम जितेंद्र (39) की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों में मुख्य बाजार में मारपीट हो रही थी। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
हरियावां गांव निवासी जितेंद्र गांव में ही बाल काटने और दाढ़ी बनाने का काम करता था। शराब के ठेके के पास उसने लकड़ी का खोखा बना रखा था। ग्रामीणों के मुताबिक जितेंद्र ने शाम कोे लगभग सात बजे दुकान बंद की और फिर ठेके से शराब खरीदकर पी। इसके बाद वह घर जा रहा था। रास्ते में गांव का ही प्रखर मिल गया। प्रखर भी नशे में धुत था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसी दौरान प्रखर ने जितेंद्र पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद भी प्रखर उसे डंडे मारता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर हरियावां के थानाध्यक्ष बालेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।