फोटो-16- डीसीएम की बॉडी फटने के बाद कुछ इस तरह सड़क पर बिखरी शराब की पेटियां। संवाद
- फोटो : HARDOI
मल्लावां। रामपुर से देशी शराब लोड कर प्रयागराज जा रही डीसीएम की शुक्रवार की सुबह कोहरे के चलते यहां गौरी चौराहा के पास सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। डीसीएम की बॉडी फटने पर उसमें लोड शराब की पेटियां जमीन पर बिखर गईं। इस बीच डीसीएम के पीछे चल रहा शराब लदा ट्रक भी अनियंत्रित होकर कुछ दूरी पर पलट गया। मौके पर जुटे ग्रामीण सड़क पर बिखरी पड़ी शराब की कई पेटियां लूट ले गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को खदेड़ा।
कोतवाली क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर गौरी चौराहे के पास गैस गोदाम के सामने शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के चलते एक डीसीएम की कानपुर की ओर से आ रही ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस बीच डीसीएम के पीछे चल रहा एक अन्य ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। इधर, ट्रक से टकराने के बाद डीसीएम की एक साइड की बॉडी फट गई। डीसीएम में लोड देशी शराब की पेटियां सड़क पर बिखर गईं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और शराब की कई पेटियां लूट-लूट कर भागने लगे। राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को खदेड़ा।
हादसे में आंशिक रूप से घायल हुए डीसीएम चालक प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह डीसीएम से और पीछे से दूसरे ट्रक पर प्रतापगढ़ के मानिकपुर निवासी प्रदीप कुमार आ रहा था। बताया कि डीसीएम में एक हजार पेटियां लोड थीं। डीसीएम की बॉडी फटने के बाद पेटियां सड़क पर बिखर गईं।
पीछे चल रहा ट्रक पलटा, लेकिन उसमें रखीं शराब की पेटियां ग्रामीण नहीं ले जा सके। चालक ने बताया कि ग्रामीण कितनी शराब लूट ले गए, इसका सही पता गिनती होने के बाद ही चल सकेगा।
कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कानपुर की ओर से आ रहे जिस ट्रक से डीसीएम टकराई थी उसका चालक ट्रक लेकर भाग गया था। घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। शराब की कितनी पेटियां गायब हैं, इसकी जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।