तहसील के एक अधिवक्ता को गिरफ्तार कर अनुसूचित जाति उत्पीड़न का मामला दर्ज करने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटरा-बिल्हौर मार्ग पर जाम लगा दिया।
वकीलों ने धरना प्रदर्शन भी किया। बाद में कोतवाली से अधिवक्ता को रिहा कर दिया गया, तब मामला शांत हुआ। लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहने के कारण लोगों को परेशानी हुई।
सवायजपुर तहसील में वकालत करने वाले विजय बाबू वाजपेई को बुधवार सुबह एक महिला की शिकायत पर सवायजपुर चौकी प्रभारी ने गिरफ्तार कर लिया।
इसकी जानकारी मिलने पर सवायजपुर एडवोकेटस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राम बिहारी मिश्रा के नेतृत्व में जयप्रकाश शुक्ला, कुलदीप यादव, राम सागर दिवाकर, दिनेश अस्थाना, लक्ष्मण सिंह यादव, सुनील राजपूत, के पी सिंह, संग्राम सिंह, राजीव सिंह आदि अधिवक्ताओं ने एसडीएम कपिल देव यादव को ज्ञापन दिया।
बताया कि वकील विजय बाबू वाजपेई को गलत मामले में हवालात में बंद कर दिया है। अधिवक्ता विजय को न छोड़ने से नाराज वकीलों ने कटरा-बिल्हौर मार्ग जाम कर दिया और लोनार कोतवाल व चौकी प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी की।
दबाव बढ़ता देख पुलिस ने अधिवक्ता को रिहा कर दिया, तब साथी शांत हुए। लोनार कोतवाल राजेश राय ने बताया कि सवायजपुर निवासी बीना कंजड़ पत्नी मुकेश ने शिकायती पत्र देकर बताया था कि वह शौच के लिए खेत में जा रही थी।
रास्ते में विजय बाबू बाजपेई सहित दो लोगों ने उसे जाति सूचक गालियां दी व गिरा दिया। कोतवाल ने बताया संबंधित मामले में अनुसूचित जाति उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटनास्थल पर नहीं पहुंची पुलिस
घटना की सूचना के बाद भी पुलिस वहां नहीं पहुंची। जब जाम खत्म हो गया, तब अपर पुलिस अधीक्षक त्रिगुण सिंह बिसेन तहसील पहुंचे।
उन्होंने एसडीएम से मुलाकात की और पूरी जानकारी ली। इस दौरान लोनार कोतवाल राजेश राय, हरपालपुर कोतवाल भगवान चंद्र वर्मा, चौकी प्रभारी सवायजपुर सूर्य बली सिंह भी मौजूद रहे।
तहसील के उपजिलाधिकारी कपिल देव यादव ने बताया कि ज्ञापन लेने के बाद वह क्षेत्र में निरीक्षण के लिए चले गए थे, इसलिए नहीं आ पाए। उन्होंने बताया कि मामले का मुकदमा लोनार थाने में दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।