हरदोई कासिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहलोलपुर निवासी विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। प्राथमिक जांच में शादी के दो वर्ष बाद भी संतान न होने से आहत होकर खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी सुआराम वर्मा की शादी दो वर्ष पहले बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रायपुर पहला निवासी माधुरी (21) के साथ हुई थी। शादी के दो वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई संतान न होने से माधुरी आहत रहती थी। बुधवार रात वह अपने कमरे में गई थी।
काफी देर तक वापस नहीं आई तो पति सुआराम उसे बुलाने के लिए गया तो माधुरी का शव फांसी पर लटकता मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कासिमपुर के प्रभारी निरीक्षक दीपक रघुवंशी ने बताया कि मायके पक्ष के लोगों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।