बेनीगंज (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवथाना के कोटेदार समेत दो लोग संदिग्ध हालात में लापता हो गए। कोटेदार की बाइक शिवथाना और भिठरियागांव के बीच सड़क किनारे पड़ी मिली। मौके पर चार खोखे और एक कारतूस भी पड़ा मिला। घटना की जानकारी पर एसपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। फौरी तौर पर कोटेदार के पिता की तहरीर पर भाजपा नेता के पुत्र, प्रधान पति और प्रधान समेत छह नामजद व कुछ अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमले, बलवा, अनुसूचित जाति उत्पीड़न आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवथाना निवासी सभाजीत सिंह उर्फ गुड्डु सिंह (32) गांव का कोटेदार है। उसके पिता यदुनंदन सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात गुड्डू सिंह चालक गयादीन (35) के साथ ग्राम भिठरिया बाइक से गया था। वहां तालाब के निकट सालिगराम और अन्य लोगों के साथ दावत की। रात लगभग 11 बजे गुड्डू और गयादीन मोटर साइकिल से वापस घर जाने के लिए निकले थे।
आरोप है कि रात में लगभग 11 बजकर 10 मिनट पर गुड्डू ने चचेरे भाई अनुरुद्ध सिंह को फोन कर कहा कि गांव से लगभग तीन सौ मीटर पहले खेत के निकट भाजपा नेता राज कुमार शुक्ला के पुत्र जितेंद्र कुमार शुक्ला, ग्राम प्रधान अर्चना शुक्ला, ग्राम प्रधान के पति सुधीर कुमार गांव निवासी सुधाकर तिवारी और अजीत तिवारी व साहब लाल ने अन्य साथियों के साथ उसे घेर लिया और फायरिंग कर रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया और तब से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है।
कोटेदार के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दोनों की हत्या कर शव कहीं गायब कर दिए हैं। एसपी अजय कुमार ने बताया कि बाइक सड़क किनारे पड़ी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा। अभी दोनों को सकुशल बरामद करना प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने बताया कि सीओ सिटी विकास जायसवाल को भी खुलासे के लिए गठित टीमों में शामिल किया गया है।
अलग-अलग बिंदुओं पर जांच
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है, लेकिन इससे इतर भी पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्राथमिक विवेचना में पुलिस को पता चला है कि गुड्डू सिंह के पास पिस्टल भी रहती थी। इस पिस्टल का लाइसेंस गुड्डू सिंह की मां के नाम है। इससे इतर गुड्डू खुद भी काफी दबंग है। कोटेदार होने के अलावा उसने बीते पंचायत चुनाव में प्रधान पद का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिन लोगों को नामजद किया गया है, वे राजनीतिक रूप से गुड्डू के प्रतिद्वंद्वी हैं और इलाके में खासा दखल और रसूख रखते हैं। एसपी ने साफ कहा है कि कोई भी निर्दोष किसी हाल में जेल नहीं भेजा जाएगा और जो दोषी होगा उस पर सख्त कार्रवाई होगी।