फोटो-17-चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान दिखाती सुभाषनी। संवाद
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के बसहिया मजरा हाजीपुर में सेवानिवृत्त शिक्षक के मकान को चोरों ने निशाना बनाया।
पीछे की दीवार से छत के रास्ते घर में घुसे चोर लगभग 20 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। बसहिया निवासी रमेश चंद्र सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि वह मकान के बाहरी हिस्से में बने कमरे में सोए थे। बेटा संदीप अपने परिवार के साथ मकान के अंदर और छोटा बेटा अनिल बरामदे में सोया था। रात में घर में घुसे चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए।
दावा है कि चोर सोने के तीन हार, दो जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी झाला, दो चेन, चार अंगूठी, तीन मांगबेंदी, एक जोड़ी बाला, तीन मंगलसूत्र, लगभग तीन किलो चांदी के जेवर और बच्चों की गुल्लक में रखे 10 हजार रुपये चोर चोरी कर ले गए। सेवानिवृत्त शिक्षक के पुत्र संदीप ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। जरूरी नमूने भी लिए। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि घटना संज्ञान में है। प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
रात एक बजे से पहले हो गई थी चोरी, बल्ब रखा मिला
संदीप का दावा है कि रात में 12:50 बजे उसकी नींद खुली थी। जागने पर ही उसे घटना होने का पता चला। मतलब यह कि इससे पहले चोर घटना को अंजाम दे चुके थे। संदीप ने बताया कि घर के बाहर लगा बल्ब निकला हुआ था लेकिन पास ही रखा था। मौके पर पीतल का एक लोटा पड़ा मिला। मकान के कमरों से तोड़े गए ताले गायब मिले।