संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। एनएच-731 के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण व कब्जा दिलाए जाने के लिए शुक्रवार को बेगमगंज में दायरे में आए मकानों पर जेसीबी मशीन चलवाई गई। ग्रामीणों ने मकानों को तुड़वाए जाने पर रोष जताया और कहा कि अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया है।
हरदोई-लखनऊ मार्ग को के चौड़ीकरण व फोरलेन में निर्माण के लिए नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इंडिया की ओर से एक फर्म के माध्यम से काम कराया जा रहा है। शुक्रवार को एसडीएम, सीओ पुलिस व तहसीलदार की मौजूदगी में मार्ग और रेलवे लाइन के मध्य की जमीन के दायरे में आए मकानों को जेसीबी मशीन से तुड़वाया गया।
बेगमगंज के ग्रामीणों में अर्जुनलाल, सूरज कुमार शुक्ला, छोटे लाल, मुकेश, महेश, राकेश, फकीरे आदि ने बताया कि उनके मकानों को तो तुड़वाया जा रहा है लेकिन, अभी तक मुआवजा नहीं दिया गय है। इससे ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों ने बताया कि दूसरी ओर के मकानों को तुड़वाए जाने से पहले ही मुआवजा दिया गया है और दिया जा रहा भी है। रेलवे लाइन पास के ग्रामीणों को कोई मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। तहसीलदार राजीव यादव ने बताया कि यहां पर कितने लोगों की कितनी मात्रा में भूमि अधिग्रहीत की गई है इसका अभिलेखों से परीक्षण कराया जाएगा।
वैसे सभी को नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। अभियान में एसडीएम तान्या सिंह, सीओ वंदना शर्मा, नायब तहसीलदार देवानंद, कोतवाल नित्यानंद सिंह समेत पुलिस फोर्स साथ रही।