संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मुख्यमंत्री डैश बोर्ड पर विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों में डी श्रेणी व शिकायतों के निस्तारण में संतोषजनक स्थिति न होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शून्य स्थिति पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी (एलईओ) को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। उप्र औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के वरिष्ठ प्रबंधक सहित छह अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी की है।
विभागीय योजना-कार्यक्रम के साथ ही शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की प्रतिदिन सीएम डैश बोर्ड पर निगरानी की जा रही है। प्रगति की स्थिति के अनुसार विभागों को कार्यक्रम-योजना व शिकायत निस्तारण के लिए श्रेणीबद्ध किया जा रहा है। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने समीक्षा में पाया कि श्रम विभाग की कई कार्यक्रमों में स्थिति शून्य पर है।
इस पर उन्होंने श्रम प्रवर्तन अधिकारी राकेश यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। बताया कि ऐसे ही डी श्रेणी में रहने वाले विभागों में सीएमओ, डीपीआरओ, सहायक महानिरीक्षक स्टांप व निबंधन, जीएसटी के उपायुक्त प्रवर्तन व उपायुक्त सामान्य, उप्र औद्योगिक विकास प्राधिकरण निर्माण खंड-7 के वरिष्ठ प्रबंधक से जवाब-तलब किया गया है।
बताया कि सभी अधिकारियों से कहा गया है कि वह अपने-अपने विभाग के कार्यक्रम-योजना के साथ ही शिकायतों के निस्तारण को संतोषजनक स्थिति में हर हाल में लाएं। इससे कम श्रेणी पर कार्रवाई की जाएगी।